वाराणसी, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर में चल रही कई महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने Banaras Hindu University (बीएचयू) स्थित ट्रॉमा सेंटर में बन रहे 150 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (CCH), राष्ट्रीय वृद्धावस्था केंद्र (NCA), 1200 सीट वाले बालिका छात्रावास तथा मोहनसराय स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।ट्रॉमा सेंटर में 150 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निरीक्षण जिलाधिकारी ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में बन रहे 150 बेड वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने बताया कि भवन की मुख्य संरचना का कार्य पूरा हो चुका है।• ग्राउंड फ्लोर से लेकर सातवीं मंजिल तक स्लैब का कार्य पूर्ण हो गया है।• भवन का बाहरी प्लास्टर लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है।• सभी मंजिलों पर ईंट का काम भी लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है।• सर्विस ब्लॉक की रिटेनिंग वॉल, प्लास्टर, फर्श और पानी की टंकी के स्टील कार्य जारी हैं।जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन खिड़कियों के शीशे और फ्रेम, सैंपल शौचालय तथा आईसीयू बेड की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
1200 सीट वाले बालिका छात्रावास का भी किया निरीक्षणबीएचयू परिसर में बन रहे 1200 सीट वाले बालिका छात्रावास का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि छात्रावास के कुल छह ब्लॉकों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान कार्यों की संतोषजनक प्रगति पाई गई। जिलाधिकारी ने सभी शेष कार्यों को मानक और गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय वृद्धावस्था केंद्र का कार्य मार्च तक पूरा करने के निर्देशनिरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था केंद्र (NCA) के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन के सिविल कार्य मार्च के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएं।उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए। साथ ही निर्देश दिया कि एनसीए भवन के उद्घाटन से पहले निवेदिता छात्रावास के ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए।
ट्रांसपोर्ट नगर, मोहनसराय का भी किया निरीक्षणजिलाधिकारी ने मोहनसराय स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

