रमजान के पवित्र महीने के आखिरी शुक्रवार अलविदा जुमा के अवसर पर नई सड़क स्थित लंगड़े हाफिज मस्जिद में बड़ी संख्या में मुस्लिम बंधुओं ने पहुंचकर नमाज अदा की। नमाज के दौरान रोजेदारों और नमाजियों ने देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।रमजान इस्लाम धर्म का बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण महीना माना जाता है। इस पूरे महीने मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखकर इबादत करते हैं, जरूरतमंदों की मदद करते हैं और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगते हैं। खास तौर पर रमजान के आखिरी शुक्रवार यानी अलविदा जुमा को विशेष महत्व दिया जाता है, इसलिए इस दिन मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
शुक्रवार को भी लंगड़े हाफिज मस्जिद और आसपास के इलाकों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ देखने को मिली। तय समय पर मौलाना जकिउल्ला कादरी साहब ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी और समाज में शांति, सौहार्द और खुशहाली की कामना की।इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आया और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा।

