वाराणसी में विश्व शांति के लिए गंगा आरती, ईरान-इजराइल युद्ध रोकने की प्रार्थना

वाराणसी, 14 मार्च। पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष को लेकर पूरी दुनिया में बढ़ती चिंता के बीच उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।शनिवार को काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे से जुड़े लोगों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा की विशेष आरती उतारी और बाबा विश्वनाथ से युद्ध समाप्त होने की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानवता की रक्षा और दोनों देशों के बीच तनाव खत्म होने की प्रार्थना की।  

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। आरती के दौरान गंगा तट पर दीप प्रज्वलित किए गए और शांति के संदेश के साथ वैदिक मंत्रोच्चार हुआ। उपस्थित लोगों ने कहा कि युद्ध से पूरी दुनिया प्रभावित होती है, इसलिए भगवान से प्रार्थना है कि जल्द ही शांति स्थापित हो।  आयोजकों ने बताया कि भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा हमेशा से विश्व कल्याण और शांति का संदेश देती रही है। इसी भावना के साथ बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की गई कि युद्ध समाप्त हो और दुनिया में शांति का वातावरण बने। 


Post a Comment

Previous Post Next Post