प्रयागराज। दरोगा भर्ती परीक्षा की पहली पाली शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर सख्त जांच के चलते अभ्यर्थियों को कई नियमों का पालन करना पड़ा। कई जगह अभ्यर्थियों से कान के टॉप्स और हाथ में बंधा कलावा उतरवा लिया गया।परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई और मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। कई केंद्रों पर जूते पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके कारण कुछ अभ्यर्थियों को जूते हाथ में लेकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना पड़ा।
प्रशासन के अनुसार नकल और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए यह सख्ती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहे ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।अभ्यर्थियों ने बताया कि जांच प्रक्रिया काफी कड़ी थी, जिससे कुछ समय तक प्रवेश में देरी भी हुई, लेकिन सभी को नियमों का पालन करते हुए परीक्षा में शामिल होना पड़ा।प्रशासन का कहना है कि आगामी पालियों की परीक्षा भी इसी तरह कड़ी निगरानी में कराई जाएगी।

