बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को बरेका सिनेमा हॉल में भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और समाज व राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह द्वारा मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ और शिव वंदना की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर 01 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गौरी श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता डॉ. रचना अग्रवाल और डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में खुशी शर्मा की शिव वंदना पर भावनृत्य, करुणा सिंह का कविता पाठ तथा निशा, दीप्ति गुप्ता और नीतू जैसवार के गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा नारी सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटक और समूह होली नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्या गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव, सचिव ऋतिका सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनुजा खरे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहीं। इसके साथ ही डॉ. प्रेक्षा पांडेय, सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव, पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन करुणा सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पीयूष मिंज ने दिया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं के सम्मान और रचनात्मक अभिव्यक्ति का उत्सव बन गया।

