जम्मू-कश्मीर में दिल्ली के चर्चित लाल किला ब्लास्ट मामले की जांच तेज हो गई है। सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उत्तर कश्मीर के हंदवाड़ा इलाके में एक कारोबारी के घर पर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम सुबह गुप्त तरीके से गुलोरा इलाके में पहुंची और संदिग्ध कारोबारी के घर की गहन तलाशी ली। इस दौरान दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य अहम सबूत जुटाए गए। सूत्रों का कहना है कि इस कारोबारी के तार दिल्ली में हुए लाल किला ब्लास्ट से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि अभी तक एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यह कार्रवाई 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण विस्फोट की जांच के तहत की गई है, जिसमें कई लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और आतंकी नेटवर्क के संभावित लिंक जम्मू-कश्मीर तक फैले होने की आशंका है। NIA इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि साजिश के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। फिलहाल हंदवाड़ा में हुई इस छापेमारी को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

