स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, गड़वाघाट में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रेरणा स्रोत स्वामी हरसेवानन्द जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ विद्यालय के प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द जी द्वारा किया गया। इसके बाद प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय का कुल परीक्षाफल 98.2 प्रतिशत रहा।उन्होंने जानकारी दी कि गृह परीक्षा में शामिल 71.5 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आयुष कुमार (कक्षा-1बी) ने 99.79 प्रतिशत अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं कृषक सिंह (एलकेजी) ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा इशांत राज और अभ्युदय सहित कई विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह में प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द जी ने मेधावी छात्रों के साथ-साथ प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और लगन आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को अंक के बजाय अपनी योग्यता पर ध्यान केंद्रित करने और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पाठ्यचर्या और गतिविधियों की संक्षिप्त रूपरेखा भी अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामने प्रस्तुत की।समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे, जिससे पूरा माहौल उत्साह और उपलब्धि से भरपूर नजर आया।

