स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल में परमपूज्य स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज परमहंस की 54वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा, भजन एवं संत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वामी हरसेवानन्दजी महाराज के आदर्श जीवन, उनकी शिक्षाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक प्रकाशध्यानानन्द ने कहा कि संत का जीवन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज में सेवा, करुणा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि स्वामीजी की शिक्षाएं आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि हम मानव सेवा, सदाचार, समरसता और शिक्षा के प्रसार जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से संत के आदर्शों को अपनाने और नैतिक मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में गड़वाघाट शाखा के प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर सिंह, बनपुरवा शाखा के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार चौबे, जगतगंज शाखा की प्रधानाचार्या रचना अग्रवाल, बीना उपाध्याय, छात्रावास अधीक्षक ले. एम.एस. यादव (से.नि.) सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संत की स्मृति में श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

