गंगा के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल, 14 गिरफ्तार; धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में कुछ युवक नाव पर सवार होकर नॉनवेज भोजन करते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है।आरोप है कि युवकों ने भोजन करने के बाद हड्डियों को गंगा नदी में फेंक दिया। इसे लेकर स्थानीय लोगों और संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। गंगा नदी को करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र माना जाता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और आचमन करते हैं।मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।



इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा:पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299, 196(1)(b) के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने और अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। इसके अलावा धारा 270, 279, 223(b) तथा जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 भी लगाई गई है।

14 आरोपी गिरफ्तार, नाव चालक पर भी कार्रवाई

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही संबंधित नाव चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य संभावित आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन सख्त, जांच जारी

घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post