दशाश्वमेध घाट पर आयोजित शीतला मंदिर संगीत समारोह की दूसरी निशा में भोजपुरी गायक व भाजपा सांसद मनोज तिवारी ‘मृदुल’ को सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही वह मां शीतला के दर्शन कर मंच की ओर बढ़े, घाट पर हलचल तेज हो गई और प्रशंसक सेल्फी लेने को उत्साहित नजर आए।मनोज तिवारी ने सभी से शांति से बैठने का आग्रह किया और इसके बाद देवी गीत, चैती व पचरा की श्रृंखला प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बना दिया। उन्होंने ‘ममता की छांव’ एल्बम का गीत सहित ‘राम जी के भजन सहित शीतला घाट पे काशी में जैसे गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन ‘हर हर महादेव शंभू काशी विश्वनाथ गंगे…’ भजन से हुआ।
इस दौरान उन्होंने काशी के बाल गायक यथार्थ दूबे की सराहना करते हुए कहा कि वह भविष्य में बड़ा कलाकार बन सकता है।वहीं, समारोह के तहत माता शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया। महंत पं. शिव प्रसाद पांडेय और पं. पुरुषोत्तम पांडेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। पूरे आयोजन के दौरान घाट पर श्रद्धा, संगीत और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

