श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार को श्री हनुमत सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य श्री हनुमान ध्वजायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ सुंदरपुर क्षेत्र से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण भक्ति व उत्साह से सराबोर नजर आया।ध्वजायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में ध्वजा-पताका लिए “जय श्रीराम”, “जय बजरंगबली” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। डमरू दल के जोरदार वादन से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा, जिससे यात्रा का धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर वातावरण को और भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया।इस अवसर पर एमएलसी प्रत्याशी पंकज सिंह ‘डब्लू’ भी ध्वजायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हनुमान जयंती का यह पावन पर्व हमें सेवा, समर्पण और शक्ति का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्री हनुमान की कृपा से सभी काशीवासी और देशवासी स्वस्थ और सुखी रहें।संकट मोचन मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन-पूजन किए और अपने जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। यह ध्वजायात्रा एक बार फिर काशी की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता की झलक बनकर सामने आई।

