इग्नू का 39वाँ दीक्षांत समारोह सम्पन्न, 3.24 लाख से अधिक विद्यार्थियों को उपाधि

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वाँ दीक्षांत समारोह मंगलवार को देशभर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। मुख्य समारोह नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में सम्पन्न हुआ, जिसमें भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि तथा दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में दूरस्थ शिक्षा की बढ़ती उपयोगिता और समाज में इसकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर इग्नू की कुलपति प्रो. उमा कांजीलाल ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए दूरस्थ शिक्षा के विस्तार पर विशेष जोर दिया। देशभर में आयोजित इस समारोह में कुल 3,24,835 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।

इसी क्रम में वाराणसी क्षेत्रीय केन्द्र द्वारा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के महामना सभागार में भी दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी रहे। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।अपने संबोधन में प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि इग्नू ने देश के दूर-दराज क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।वाराणसी क्षेत्रीय केन्द्र से कुल 4,092 छात्र-छात्राएँ दीक्षांत के लिए पात्र रहे, जिनमें 2205 परास्नातक, 1373 स्नातक, 429 डिप्लोमा तथा 85 प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के विद्यार्थी शामिल हैं। इस अवसर पर इशिता त्रिपाठी और रोली सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक तथा शिवानी भोलेनाथ चौरसिया को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।समारोह में लगभग 250 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





Post a Comment

Previous Post Next Post