वाराणसी पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड सम्पन्न, 491 महिला आरक्षियों ने दिखाई दमदार उपस्थिति

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की पासिंग आउट परेड रविवार को वाराणसी में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से परेड को संबोधित किया, जिसका सजीव प्रसारण सभी प्रशिक्षण केंद्रों पर किया गया।पुलिस लाइन वाराणसी में आयोजित परेड में प्रशिक्षण प्राप्त आरक्षियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। इस मौके पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान दौर में महिला पुलिसकर्मी सशक्त समाज की मजबूत आधारशिला बन रही हैं। उन्होंने बताया कि इन महिला आरक्षियों को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे में सेवा देने का अवसर भी मिलेगा, जो उनके लिए गौरव का क्षण होगा।

वाराणसी रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षित 491 महिला आरक्षियों ने परेड में भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद इन्हें विभिन्न थानों में तैनाती के लिए तैयार किया गया है, जहां वे महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जनसेवा में अहम भूमिका निभाएंगी।अधिकारियों ने बताया कि जवानों को आधुनिक पुलिसिंग के साथ-साथ मानवीय मूल्यों का भी प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे समाज में बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित कर सकें। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।यह आयोजन न केवल प्रशिक्षण की सफलता का प्रतीक रहा, बल्कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।



Post a Comment

Previous Post Next Post