चंदौली: जिले में ब्याज माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। सड़क अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के आदेश के बाद अब अवैध तरीके से ब्याज वसूली करने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर मुगलसराय कोतवाली में सफाई कर्मियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीओ अरुण कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि कुछ लोग जरूरतमंदों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर बाद में उन्हें डरा-धमका कर वसूली करते हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सफाई कर्मियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान कर सूचना दें।सीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चिन्हित ब्याज माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस अभियान के जरिए आम जनता को अवैध वसूली और उत्पीड़न से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

