उत्तर प्रदेश / लखनऊ: स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए मुद्रा लोन योजना में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर नितिन चौधरी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।एसटीएफ के अनुसार, आरोपी को 10 अप्रैल 2026 को दिल्ली के बसंत विहार स्थित बैंक शाखा से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड, मेट्रो कार्ड और नकदी बरामद हुई है।जांच में सामने आया कि आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा था, जिसमें बैंक कर्मियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले लोग शामिल थे। यह गिरोह लोगों के आधार और पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम पर फर्जी कंपनियां बनाता था और मुद्रा लोन पास कराकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित ने लोन न लेने के बावजूद EMI कटने की शिकायत की। जांच में पता चला कि उसके नाम पर दो लोन स्वीकृत किए गए थे। इसके बाद STF ने साइबर टीम के साथ मिलकर जांच शुरू की।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह अब तक करीब 100 से अधिक लोगों/फर्मों के नाम पर फर्जी तरीके से करोड़ों रुपये के लोन पास करा चुका है। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य साजिशकर्ताओं में नितिन चौधरी की अहम भूमिका पाई गई।पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। साथ ही बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।इस संबंध में थाना साइबर क्राइम, लखनऊ में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

