बीएचयू स्थित एम्फ़िथिएटर मैदान में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव स्पंदन–2026 का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। परिसर में निकली शोभायात्रा में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारतीय संस्कृति, परंपरा और विविधता की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शोभायात्रा एम्फ़िथिएटर मैदान से शुरू होकर विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मैदान में आकर संपन्न हुई। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत, आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों के साथ भारतीय संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली। विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति का सजीव प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में सांस्कृतिक प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति के अनुसार स्पंदन–2026 के तहत आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताएं, नाट्य प्रस्तुतियां, संगीत कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का व्यापक मंच मिलेगा।राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और आयोजकों ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

