गोरखपुर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। गोरखपुर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म 7 और 8 के बीच फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण कार्य के कारण अगले दस दिनों तक ट्रैफिक ब्लॉक लागू रहेगा। इसके चलते कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। भीषण गर्मी और छुट्टियों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के अनुसार, एलटीटी–गोरखपुर एक्सप्रेस, बनारस–गोरखपुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस, पुणे–गोरखपुर एक्सप्रेस और दादर–गोरखपुर विशेष गाड़ियों समेत कई ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन की बजाय गोरखपुर कैंट, भटनी या मऊ तक ही संचालित होंगी। कुछ ट्रेनें वहीं से वापस भी चलाई जाएंगी।
दूसरी ओर, कई रेलखंडों पर डायवर्जन और परिचालन कारणों से ट्रेनों की लेटलतीफी भी जारी है। गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस करीब 13 घंटे की देरी से चली, जबकि अन्य कई ट्रेनें भी घंटों विलंबित रहीं। वहीं, लिच्छवी एक्सप्रेस में वैक्यूम प्रेशर की तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रही।


