उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ कस्बे में कथित ‘लव जिहाद’ का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में एक युवक समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिवार की शिकायत के अनुसार, आरोपी युवक ने अपना नाम और धर्म छिपाकर खुद को हिंदू बताया तथा किशोरी से संपर्क बढ़ाया। 18 मई की शाम लड़की के गायब होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में सूचना मिली कि किशोरी शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरोपी युवक के साथ है। परिवार मौके पर पहुंचा तो युवक कथित तौर पर किशोरी को लेकर जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिजनों ने लड़की को वापस ले लिया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ अपहरण, धमकी, मारपीट और उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और किशोरी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।


