राजधानी लखनऊ के कल्ली कटे भीट इलाके में बुधवार को एक तेज रफ्तार डम्पर ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डम्पर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेते हुए चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।


