लखनऊ में महापौर सुषमा खर्कवाल के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 413 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और पिछली सरकारों पर अव्यवस्था का आरोप लगाया।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछली सरकारों के "गड्ढे और कूड़ेदान भरने" का काम किया है। सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की अपील करते हुए उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कुछ लोग ढाई करोड़ की कार से आते हैं और 45 रुपये का गमला चोरी कर लेते हैं, उससे ज्यादा का तो तेल लग जाता है।" उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी लगा कि ऐसे लोगों की तस्वीरें चौराहों पर लगा दी जाएं ताकि जनता समझ सके कि सरकारी संपत्ति किसकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से लखनऊ की तस्वीर बदली है और अब शहर स्वच्छ व सुंदर शहर के रूप में पहचान बना रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पहले की सरकारें परिवारवाद तक सीमित थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने गरीबों के लिए बड़े पैमाने पर आवास योजनाएं लागू की हैं।


