उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ से संबद्ध शिक्षा विभाग, वाराणसी शाखा का द्विवार्षिक चुनाव रविवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया महासंघ की देखरेख में आयोजित की गई, जिसमें सभी पदों पर सर्वसम्मति बनी और नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई।बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता ने की। चुनाव के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं, संगठन की मजबूती एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से इंदु सिंह को अध्यक्ष, संतोष कुमार को मंत्री, चंद्रशेखर गौतम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, देवनाथ यादव को कोषाध्यक्ष तथा राधेश्याम सिंह को ऑडिटर चुना गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उमेश बहादुर सिंह द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद माल्यार्पण कर सभी का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता ने कहा कि हर दो वर्ष में होने वाले चुनाव संगठन को नई दिशा और नेतृत्व प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में लगातार कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बावजूद नई नियुक्तियां नहीं होने से कार्य का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।उन्होंने बताया कि संगठन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर से लेकर प्रशासनिक स्तर तक लगातार प्रयास करता रहेगा। साथ ही आगामी बैठक में सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।कार्यक्रम में राम मदन यादव, उमेश बहादुर सिंह, सत्येंद्र कुमार सिंह, माता प्रसाद यादव, विजय श्रीवास्तव, राघव प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।


