मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत ऑनलाइन स्वगणना प्रपत्र भरकर प्रदेशवासियों को भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने स्वगणना पोर्टल पर अपनी सभी आवश्यक जानकारियां दर्ज कीं और कहा कि 21 मई तक चलने वाली इस प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना है, जिसका उद्देश्य “हमारी जनगणना-हमारा विकास” की भावना के साथ सटीक आंकड़े जुटाकर विकास योजनाओं को और प्रभावी बनाना है।
सीएम योगी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का मजबूत आधार है। जनगणना 2027 यह सुनिश्चित करेगी कि विकास की धारा में समाज का अंतिम व्यक्ति भी समान रूप से सहभागी बन सके।उन्होंने बताया कि डिजिटल तकनीक और रियल टाइम डेटा के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है।उल्लेखनीय है कि 7 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से डिजिटल जनगणना के पहले चरण ‘स्वगणना’ का शुभारंभ किया था।


