काशी की बेटियों ने बढ़ाया नारी सशक्तिकरण की ओर कदम, “ललिता सैनिटरी पैड्स” का हुआ शुभारंभ

काशी की बेटियों द्वारा काशी की बेटियों और महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सम्मान को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के तहत “ललिता सैनिटरी पैड्स” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आर्य महिला पीजी कॉलेज लहुराबीर में “माँ-बेटी जागरूकता संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के बीच मासिक धर्म स्वच्छता, सुरक्षित स्वास्थ्य प्रबंधन और इस विषय पर खुलकर संवाद को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का आयोजन टीम ललिता द्वारा कुटुंब फाउंडेशन एवं आर्य महिला पीजी कॉलेज के सहयोग से किया गया, जिसमें छात्राओं, माताओं, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।कार्यक्रम की शुरुआत सह-संस्थापक रशिका डिडवानिया के उद्घाटन भाषण से हुई, जबकि नंदिनी डिडवानिया ने “ललिता” पहल के उद्देश्य, सोच और इसके नाम के पीछे की भावना पर अपने विचार साझा किए।

मुख्य वक्ता पूजा दीक्षित ने अपने संबोधन में महिला नेतृत्व, शिक्षा और नारी सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. दीपिका एवं डॉ. सलोनी ने मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य प्रबंधन और महिलाओं के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कुटुंब फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें माहवारी से जुड़े सामाजिक भ्रम, सांस्कृतिक धारणाओं और जागरूकता की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें श्रीमती पूजा दीक्षित, प्रो. चंद्रकला, डॉ. संजीव अग्रवाल, भागीरथ जालान, डॉ. दीपाली गुप्ता एवं डॉ. समीर गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि यह पहल केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भविष्य में भी महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता को लेकर ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




Post a Comment

Previous Post Next Post