हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय में आधुनिक प्रसूति एवं हड्डी रोग सुविधाओं का शुभारंभ

बांसफाटक स्थित हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय में रविवार को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के नवनिर्मित 8 बेड वाले अत्याधुनिक वार्ड एवं 3 बाह्य रोगी कक्षों का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही हड्डी रोग विभाग में आधुनिक तकनीक से युक्त सी आर्म आर्थो मशीन भी मरीजों की सुविधा के लिए लोकार्पित की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव गुप्ता, अस्पताल प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, सचिव राजेन्द्र मोहन साह एवं समाजसेवी उमाशंकर पोद्दार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर डॉ. नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि हिन्दू सेवा सदन चिकित्सालय शहरवासियों के लिए किसी जीवन रेखा से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि लगभग सौ वर्ष पुराने इस अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के प्रारंभ होने से करीब चार लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यहां आयुष्मान कार्ड की सुविधा प्रारंभ करने एवं अन्य विभागों के आधुनिकीकरण का भी प्रयास किया जाएगा।

अस्पताल के सचिव राजेन्द्र मोहन साह ने बताया कि प्रसूति रोग विभाग में मॉड्यूलर ऑपरेशन कक्ष, अत्याधुनिक प्रसव कक्ष एवं 8 बेड वाले वार्ड की सुविधा प्रारंभ की गई है। यहां नवजात शिशुओं के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉ. मोनिशा सिंह एवं डॉ. शिवांगी पाण्डेय परामर्श चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं, जबकि हड्डी रोग विभाग में डॉ. अविनाश कुमार मिश्र मरीजों को परामर्श देंगे।उन्होंने बताया कि प्रसूति रोग विभाग के लिए समाजसेवी उमाशंकर पोद्दार तथा हड्डी रोग विभाग के लिए अमृतसर स्थित सुधा डागा चैरिटेबल ट्रस्ट के मनीष एवं अर्पित महेश्वरी द्वारा सहयोग प्रदान किया गया है।कार्यक्रम में उमाशंकर अग्रवाल, दीपक बजाज, जगदीश झुनझुनवाला, प्रदीप तुलस्यान, अनुज डिडवानिया, अनिल रस्तोगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post