काशीपुराधिश्वरी माता अन्नपूर्णा मंदिर में रविवार को गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा प्राकृतिक गैस पाइप सेवा का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम महंत शंकर पुरी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें पांच वैदिक ब्राह्मणों की उपस्थिति में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।श्री काशी अन्नपुर्णा मठ मंदिर द्वारा संचालित यूनिट 1 एवं यूनिट 2 में प्रतिदिन लगभग 10 हजार दर्शनार्थियों के लिए निःशुल्क प्रातः एवं सायंकाल भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की जाती है। अब प्राकृतिक गैस पाइप सेवा प्रारंभ होने से भोजन निर्माण कार्य और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री एवं वाराणसी दक्षिणी के विधायक नीलकंड तिवारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनार्दन स्वामी तथा गेल इंडिया लिमिटेड शहरी गैस वितरण, नोएडा के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग शामिल हुए।इस अवसर पर वाराणसी महाप्रबंधक गौरी शंकर मिश्रा, महाप्रबंधक सुशील कुमार, गीतकार कन्हैया दुबे, प्रदीप श्रीवास्तव, रमेश तिवारी, विकास झा, विकी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक गैस पाइप सेवा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए संचालित अन्न सेवा कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।


