कोतवाली थाना क्षेत्र के करीरचौरा स्थित एक दवा की दुकान को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार दुकान संख्या 65/43 विनोद जायसवाल की बताई जा रही है। बताया गया कि विनोद जायसवाल की तबीयत खराब होने के कारण वह दुकान पर नहीं आ पा रहे थे, जिसके बाद दुकान की देखरेख उनके बड़े भाई अरुण जायसवाल और छोटे भाई कान्ता जायसवाल कर रहे थे।आरोप है कि बाद में दुकान के कब्जे को लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया। एक पक्ष का कहना है कि बातचीत के बाद दुकान को बंद कर ताला लगा दिया गया था। वहीं अरुण जायसवाल और कान्ता जायसवाल दर्जनों लोगों के साथ पहुंचे और कटर मशीन से ताला काटकर दुकान खोलने का प्रयास किया।
घटना की सूचना उमेश जायसवाल द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। फिलहाल दोनों पक्ष दुकान और कब्जे को लेकर अपने-अपने दावे कर रहे हैं।क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मामले का समाधान नहीं किया गया तो विवाद बढ़ सकता है।


