भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बावजूद बाबा दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हो रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन एवं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर जगह-जगह मटकों में शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शनार्थियों को गर्मी से राहत मिल रही है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से बचाने के लिए दर्शन पथ पर जूट मैट बिछाई गई हैं। वहीं गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से फुहारे युक्त पंखे भी लगाए गए हैं, जिनसे श्रद्धालुओं को ठंडी हवा और पानी की फुहार मिल रही है।मंदिर न्यास द्वारा की गई इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आए। श्रद्धालु सहज और व्यवस्थित ढंग से बाबा श्री विश्वेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।


