वाराणसी में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग की हीटवेव चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा है कि भीषण गर्मी, गर्म हवाओं और लू से बचाव के लिए आमजन को जागरूक किया जाए।प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि गर्म हवाओं से बचने के लिए घर की खिड़कियों को एल्युमीनियम पन्नी, गत्ते या अन्य रिफ्लेक्टर सामग्री से ढककर रखें, ताकि बाहर की गर्मी अंदर न आ सके। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखने और तापमान में होने वाले बदलाव के प्रति सतर्क रहने को भी कहा गया है।
जहां तक संभव हो घर में ही रहें और सीधे सूर्य की रोशनी से बचें।
घर की निचली मंजिल पर रहने की कोशिश करें, जहां तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है।
बाहर निकलते समय सिर और शरीर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें।
संतुलित, हल्का और ताजा भोजन करें, बासी भोजन से बचें।
शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूरी बनाए रखें।
शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित रूप से तरल पदार्थ लेते रहें।
लस्सी, छाछ, मट्ठा, बेल का शरबत, नमक-चीनी का घोल, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।
बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें।आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार की जानकारी रखें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी में शरीर के द्रव्य तेजी से सूखने लगते हैं। शरीर में पानी और नमक की कमी होने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। हृदय रोग, मोटापा, मधुमेह, पार्किंसंस रोग, अधिक उम्र और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कुछ विशेष दवाओं का सेवन करने वाले लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।