वाराणसी में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 43 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 21 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू हुआ, जबकि 9:30 बजे के बाद आने वालों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। केंद्रों पर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। हर अभ्यर्थी को जांच और तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।बताया गया कि प्रदेश में कुल 7,994 पदों के लिए यह भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसके लिए करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। वाराणसी में भी बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचीं।प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जा रहा है।


