न्यू दिल्ली : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा किया गया है। मंगलवार, 19 मई से पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए गए हैं।एक हफ्ते से भी कम समय में ईंधन कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई, शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।
नई दरें लागू होने के बाद परिवहन खर्च बढ़ने की संभावना है, जिसका असर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं और खाद्य सामग्री की कीमतों पर भी पड़ सकता है।विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और टैक्स संरचना का असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है। वहीं विपक्ष ने लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।ईंधन की बढ़ती कीमतों से खासकर मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोग और दैनिक यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

