उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स को पांच वर्षों से फरार चल रहे और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आदिल अंसारी की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने आरोपी को महाराष्ट्र के मुंबई स्थित घाटकोपर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त आदिल अंसारी पुत्र नसरूल्ला अंसारी मूल रूप से अयोध्या के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर, असफाकउल्ला कॉलोनी, पुरानी सब्जी मंडी का निवासी है। वह थाना कोतवाली नगर, जनपद अयोध्या में दर्ज मुकदमा संख्या 77/2022, धारा 3(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आदिल अंसारी मुंबई के घाटकोपर इलाके में नाम और पता बदलकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण में एसटीएफ अयोध्या इकाई ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 16 मई 2026 को घाटकोपर मेन गेट के पास गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2020 में वह “मोनू” नामक व्यक्ति के संपर्क में आया था। मोनू ने उसे कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर अपने गिरोह में शामिल कर लिया। गिरोह सुनसान रास्तों पर बुजुर्ग और कमजोर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और मंगलसूत्र लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।आदिल अंसारी ने बताया कि उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, जिसके चलते वह मुंबई भाग गया और छिपकर रहने लगा।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुंबई की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अयोध्या लाया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
trendig

