उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश में कथित ईंधन संकट और नीट परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को विदेश दौरों के दौरान कई देशों में सर्वोच्च सम्मान मिल रहे हैं, लेकिन आम जनता को इसका कोई सीधा लाभ नहीं दिख रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री "सम्मानों का शतक" लगाने की ओर बढ़ रहे हैं, जबकि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है।
नीट पेपर लीक मामले पर भी राउत ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एनटीए और अन्य संस्थाएं केंद्र सरकार के अधीन हैं, ऐसे में परीक्षा में गड़बड़ी की जिम्मेदारी भी सरकार को ही लेनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री को इस मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए।राउत ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से पहले तक किसी तरह के ईंधन संकट की बात नहीं थी, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस तरह की समस्याएं सामने आने लगीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले ही इस स्थिति को लेकर आगाह कर चुका था।प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि जब देश के भीतर समस्याएं बढ़ रही हैं, तब प्रधानमंत्री को विदेश यात्राओं के बजाय देश में रहकर इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।


