गोरखपुर पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी में किराए की शटरनुमा दुकान में यह गिरोह नकली करेंसी तैयार कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी 500 रुपये के एक असली नोट के बदले चार नकली नोट देकर लोगों को झांसा देते थे।एसपी सिटी निमिष पाटिल सीओ गोरखनाथ ने बताया कि गुलरिहा थाने की पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद एसओजी और सर्विलांस टीम ने मौके पर छापेमारी कर पांच लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले बिहार से 10 लाख रुपये देकर 40 लाख रुपये के काले रंग के नकली नोट लाए थे। उन्हें बताया गया था कि एक खास केमिकल डालने के बाद ये नोट असली जैसे बन जाएंगे, लेकिन केमिकल नहीं मिलने पर आरोपियों ने खुद ही नकली नोट छापना शुरू कर दिया।पुलिस ने मौके से नकली नोट, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंक, ए4 पेपर, गांधीजी की तस्वीर वाले प्रिंटेड फॉर्म और नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक वकील, एक मेडिकल स्टोर संचालक और प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े लोग शामिल हैं। मामले में बिहार के दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।


