वाराणसी पुलिस कमिश्नर की अपराध समीक्षा बैठक में बड़ा एक्शन, SOG-02 भंग, कई थाना प्रभारियों के तबादले

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने  पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए SOG-02 को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया तथा सभी कर्मियों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया।पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया कि वही अधिकारी थानाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, जो उत्कृष्ट कार्य, प्रभावी अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण में सफल होंगे।बैठक के दौरान कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव भी किया गया। प्रभारी निरीक्षक मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पाण्डेय को पुलिस लाइन भेजा गया, जबकि साइबर क्राइम थाना से गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद का नया प्रभारी बनाया गया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को सिगरा, सिगरा प्रभारी संजय कुमार मिश्र को रामनगर तथा रामनगर प्रभारी राजकिशोर पाण्डेय को कैंट थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने सभी थानाध्यक्षों को रिक्रूट आरक्षियों को सोशल मीडिया पॉलिसी, सीसीटीएनएस, बीट ड्यूटी और थाना अभिलेखों का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही ई-समन पोर्टल, यक्ष ऐप और अन्य डिजिटल व्यवस्थाओं के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। RTC योजना के तहत चिन्हित प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने, तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और रांग साइड चलने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं ZFD (Zero Fatality District) अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में महिला अपराध, साइबर अपराध, गोतस्करी, चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस और संगठित अपराधों के विरुद्ध गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा जनप्रतिनिधियों एवं आमजन के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने पर बल दिया गया।इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post