चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। ये चुनाव 10 राज्यों में कराए जाएंगे, जहां वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच समाप्त हो रहा है।घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम को मतगणना भी की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक संपन्न कर ली जाएगी।
सीटों के बंटवारे पर नजर डालें तो आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों के लिए मतदान होगा। झारखंड में 2 सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में 1-1 सीट पर मतदान कराया जाएगा।इन चुनावों में कई दिग्गज नेताओं, जिनमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल हो सकते हैं, के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।


