वाराणसी, 22 जून। वाराणसी में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के करीब 10 हजार ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी जो पढ़ना-लिखना नहीं जानते हैं। उन्हें स्वयंसेवी शिक्षकों की मदद से बुनियादी शिक्षा प्रदान की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य निरक्षर व्यक्तियों को पढ़ने, लिखने और सामान्य गणना करने में सक्षम बनाना है, ताकि वे दैनिक जीवन के कार्यों को आत्मनिर्भरता के साथ कर सकें। इसके लिए स्वयंसेवी शिक्षक गांवों और शहरी क्षेत्रों में चयनित शिक्षार्थियों को नियमित रूप से शिक्षण देंगे।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण कराया जाएगा और पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षण कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को साक्षर बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।इस पहल से जिले में साक्षरता दर बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।


