27 दिन बाद खुले परिषदीय विद्यालय, तिलक और पुष्प वर्षा से हुआ बच्चों का भव्य स्वागत

वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में 27 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद सोमवार को परिषदीय विद्यालय खुल गए। विद्यालयों में बच्चों की चहल-पहल लौटने के साथ नए शैक्षणिक सत्र की उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई। प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी के नेतृत्व में बच्चों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई। विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों और स्वागत पोस्टरों से सजाया गया तथा बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने बताया कि विद्यालय खुलने से पहले सभी स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां समय पर शुरू कर दी गई हैं।

हालांकि पहले दिन छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। शिक्षकों के अनुसार भीषण गर्मी और कुछ बच्चों के अभी भी अवकाश पर होने के कारण संख्या कम रही। अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है और जनसंपर्क अभियान चलाकर विद्यालय खुलने की जानकारी दी जा रही है। शिक्षकों को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में छात्र संख्या सामान्य हो जाएगी। विद्यालयों में बच्चों के उत्साह और स्वागत कार्यक्रमों ने नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत का संदेश दिया। 



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post