चोलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों के साथ 7 शातिर गिरफ्तार

वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के अवैध शस्त्र, कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरुणा जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना चोलापुर पुलिस और एसओजी टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर कटारी ब्लॉक के पीछे स्थित अंडरपास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, धरसौना तिराहे पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि एक गिरोह बड़ी मात्रा में अवैध तमंचा और पिस्टल लेकर किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में अखिलेश उर्फ मोनू राजभर, अरुण राजभर, हिमांशु उर्फ सनी, आभाष सिंह, विशाल सिंह, अनिकेत चौहान और नमन मिश्रा शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने, चोरी और लूट जैसी वारदातों में करते थे और अधिक पैसे मिलने पर इन्हें बेच भी देते थे।

बरामदगी में एक .32 बोर रिवॉल्वर, कई जिंदा कारतूस, 7.65 एमएम और 9 एमएम पिस्टल, 315 बोर तमंचा, एक चोरी की बाइक और छह मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अखिलेश राजभर पर पहले से ही हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।इस पूरी कार्रवाई को थाना चोलापुर पुलिस टीम और एसओजी के संयुक्त प्रयास से अंजाम दिया गया, जिसे पुलिस विभाग बड़ी सफलता मान रहा है।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post