हिमाचल प्रदेश में ऊना, बद्दी और हमीरपुर नगर निगम चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के चार नगर निगमों सहित 53 शहरी निकायों के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने के बाद अब शेष निकायों में चुनाव कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम बद्दी, ऊना तथा नगर पंचायत बीड़ के लिए मतदाता सूचियों के अद्यतन का कार्य आरंभ कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 1 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की है। आयोग के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 8 जून 2026 को किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जुलाई 2026 या उससे पहले जारी कर दी जाएगी।
प्रारूप मतदाता सूचियां संबंधित उपमंडलाधिकारी (एसडीएम), नगर निगम, नगर पंचायत तथा तहसील कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा मतदाता सूची आयोग की वेबसाइट और वोटर सारथी एप्लीकेशन पर भी देखी जा सकेगी। आयोग ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने, नाम हटाने अथवा अन्य दावे और आपत्तियां निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करने की अपील की है। दावे और आपत्तियां 18 जून 2026 तक स्वीकार की जाएंगी, जबकि पुनरीक्षण प्राधिकारी द्वारा उनका निपटारा 22 जून तक किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि यदि राज्य सरकार का अपेक्षित सहयोग मिलता रहा तो अगले छह माह या उससे पहले भी इन निकायों में चुनाव कराए जा सकते हैं। इससे ऊना, बद्दी और हमीरपुर में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

