भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से लीड्स में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सबसे बड़ी भिड़ंत इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट और भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बीच देखने को मिलेगी। दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम के सबसे बड़े मैच विनर माने जाते हैं, इसलिए इस मुकाबले का असर पूरी सीरीज के नतीजे पर पड़ सकता है।
इंग्लैंड चाहेगा कि बुमराह के खिलाफ उसके बल्लेबाज संभलकर खेलें, जबकि भारतीय टीम की कोशिश होगी कि जो रूट को जल्द से जल्द पवेलियन भेजा जाए। टेस्ट क्रिकेट में बुमराह ने अब तक 24 पारियों में रूट को 9 बार आउट किया है। वहीं रूट ने बुमराह के खिलाफ 559 गेंदों में 286 रन बनाए हैं, उनका औसत 31.77 और स्ट्राइक रेट 51.16 रहा है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले बुमराह इंग्लैंड की परिस्थितियों में भी अपना प्रभाव छोड़ने के लिए तैयार हैं। इस सीरीज में उनके पास SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका है। वह SENA देशों में 150 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनने से सिर्फ 5 विकेट दूर हैं। साथ ही, इन देशों में 10 बार पांच विकेट लेने का कारनामा करने वाले पहले भारतीय बनने के लिए उन्हें सिर्फ एक और फाइव विकेट हॉल की जरूरत है।ऐसे में जो रूट और जसप्रीत बुमराह की टक्कर इस टेस्ट सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाली है।


