दांबुला में खेले जा रहे ट्राई नेशन वनडे सीरीज के अहम मुकाबले में इंडिया ए ने अफगानिस्तान ए के सामने 320 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए।भारत की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में 38 रनों की आक्रामक पारी खेलकर तेज शुरुआत दिलाई, जबकि प्रियांश आर्या ने 50 रन, कप्तान तिलक वर्मा ने 59 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने 58 रनों की शानदार पारी खेली।
अंतिम ओवरों में विप्रज निगम ने 20 गेंदों पर 30 रन बनाकर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया।अफगानिस्तान ए के लिए फरीदून दाऊदज़ई और अब्दुल्ला अहमदज़ई ने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। अब अफगानिस्तान ए को मैच जीतने के लिए 320 रन बनाने होंगे।
यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। इंडिया ए को फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत चाहिए, जबकि अफगानिस्तान ए की जीत उसे सीधे फाइनल का टिकट दिला सकती है। पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान ए से मिली हार का बदला लेने के इरादे से उतरी भारतीय टीम ने बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन किया है, अब नजरें गेंदबाजों पर होंगी कि वे इस लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव कर पाते हैं या नहीं।


