IIT BHU में 105.84 करोड़ की परियोजना का शुभारंभ, बनेगा मालवीय स्टूडेंट एक्टिविटी एंड कंप्यूटिंग सेंटर

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू में छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मालवीय स्टूडेंट एक्टिविटी एंड कंप्यूटिंग सेंटर का निर्माण किया जाएगा। 105.84 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का गुरुवार को संस्थान के राजपूताना ग्राउंड में विधिवत भूमिपूजन किया गया। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

संस्थान निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य जून 2026 से शुरू हो चुका है। लगभग 18 माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसे दिसंबर 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित केंद्र में अत्याधुनिक कंप्यूटिंग सुविधाओं के साथ 204 सीटों वाला सीनेट हॉल, सेमिनार हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, 562 सीटों का ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, छात्र गतिविधि क्षेत्र, ओपन थिएटर तथा अन्य सहायक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह केंद्र छात्रों को कक्षा के बाहर सीखने, नवाचार, नेतृत्व विकास और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करेगा। इसके अलावा शिक्षकों और शोधकर्ताओं को सम्मेलन, सेमिनार तथा अकादमिक आदान-प्रदान के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना संस्थान के शैक्षणिक और शोध वातावरण को नई दिशा देने के साथ-साथ छात्रों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, डीन फैकल्टी अफेयर्स प्रो. एन.के. मुखोपाध्याय, डीन स्टूडेंट्स अफेयर्स प्रो. राजेश कुमार, प्रो. एस.के. श्रीवास्तव, प्रो. इंद्रजीत सिन्हा, प्रो. राकेश सिंह, प्रो. संजय सिंह, प्रो. मेधा झा, रजिस्ट्रार सुमित कुमार बिस्वास तथा सीपीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post