चिरईगांव विकास खंड में जर्जर सड़कों, ठप पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। शिवपुर विधानसभा कांग्रेस प्रभारी अशोक कुमार सिंह (एडवोकेट) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी को जिलाधिकारी वाराणसी के नाम 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि बभनपुरा रिंग रोड से चांदपुर, रामचंद्रीपुर, मोकलपुर, गाजीपुर रोड से बनकट तथा जाल्हूपुर से मोकलपुर अम्बा सहित कई संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। इन जर्जर सड़कों पर ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने ‘जल जीवन मिशन’ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई गांवों में पानी की टंकियां वर्षों पहले बनकर तैयार हो चुकी हैं, लेकिन अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, जहां आपूर्ति हो रही है वहां भी अंतिम छोर तक रहने वाले उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मानसून नजदीक होने के बावजूद गांवों में नालियों और सीवरों की सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
कांग्रेस प्रभारी अशोक कुमार सिंह और मंडल अध्यक्ष मयंक मिश्रा ने मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले सभी चिन्हित सड़कों की मरम्मत कराई जाए, बंद पड़ी पानी की टंकियों को चालू कर हर घर जल योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा गांवों में कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संतोष चौरसिया, पंकज पाल, सतेन्द्र तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


