काशी में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ 29 जून से

धर्मनगरी काशी में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की ऐतिहासिक रथयात्रा महोत्सव-2026 का शुभारंभ 29 जून से असि स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में होगा। ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी, असि द्वारा आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

महोत्सव की शुरुआत ज्येष्ठ पूर्णिमा पर भगवान के महास्नान एवं जलाभिषेक से होगी। इसके बाद 30 जून से 14 जुलाई तक भगवान अनवसर काल में रहेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं को औषधीय काढ़े का प्रसाद वितरित किया जाएगा। 14 जुलाई को भगवान नवयौवन स्वरूप में प्रथम दर्शन देंगे।


15 जुलाई को असि स्थित मंदिर से भगवान की भव्य डोली यात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रथयात्रा क्षेत्र पंडित बेनीराम बाग पहुंचेगी। 16 से 18 जुलाई तक ऐतिहासिक रथयात्रा मेले का आयोजन होगा, जहां भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। 19 जुलाई को बहुड़ा यात्रा के साथ भगवान पुनः मंदिर लौटेंगे, जबकि 20 जुलाई से नियमित दर्शन-पूजन प्रारंभ हो जाएगा।

ट्रस्ट अध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि असि स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर को श्रीक्षेत्र पुरी धाम का प्रतीकात्मक स्वरूप माना जाता है। वर्ष 1802 से यहां रथयात्रा की परंपरा निरंतर चली आ रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post