उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। पुरनिया चौराहे के पास लोक सेवा आयोग के पीछे बने इस कोचिंग संस्थान में आग लगते ही पूरे भवन में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। उस समय कोचिंग सेंटर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। अचानक धुआं और लपटें फैलने से छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से कूदकर बाहर निकलने का प्रयास किया, जबकि कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। दमकलकर्मी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।मौके पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए हैं। एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन, एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र, एडीएम सिटी सहित अलीगंज और मड़ियांव थानों की पुलिस टीम राहत कार्यों में जुटी रही। जिलाधिकारी विशाख और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने इस घटना का गंभीर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने और पूरे मामले पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


