उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पूर्वांचल के कई इलाकों, खासकर गाजीपुर और बलिया में रविवार को जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के 38 से अधिक जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है और कई स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बलिया, गाजीपुर, मऊ, चंदौली और सोनभद्र में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक गर्मी और उमस का असर जारी रहेगा।
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून फिलहाल महराजगंज के आसपास रुका हुआ है और पिछले कई दिनों से आगे नहीं बढ़ सका है। अनुकूल परिस्थितियां बनने पर 23 जून के बाद इसके फिर से सक्रिय होने और जल्द ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने तक लोगों को तेज धूप, लू और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
