हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-8 थाना के मालखाने से 32 लाइसेंसी हथियार गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की जांच में लापरवाही और अनियमितता पाए जाने के बाद मालखाना प्रभारी एएसआई बिजेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये हथियार लाइसेंसधारकों ने सुरक्षा कारणों से थाने के मालखाने में जमा कराए थे। नियमित निरीक्षण के दौरान पहले 13 हथियारों के गायब होने की जानकारी मिली, लेकिन रिकॉर्ड का मिलान करने पर कुल 32 हथियार लापता पाए गए। इनमें कई महंगी विदेशी पिस्तौलें भी शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायब हथियारों को दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में अवैध रूप से बेचा गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि लापता हथियारों की बरामदगी और पूरे प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



