महाराष्ट्र के ठाणे जिले के काशीमीरा क्षेत्र में एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में 25 वर्षीय कार डीलर की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब वह एक पुरानी कार का निरीक्षण कर रहा था। इसी दौरान कार का एयरबैग अचानक खुल गया और उसका कवर तेज़ी से युवक की गर्दन से टकरा गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान मोहित सोनी के रूप में हुई है। टक्कर लगने से उनकी गर्दन पर गहरी चोट आई और अधिक रक्तस्राव होने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संबंधित कार लगभग 15 वर्ष पुरानी थी और उसके पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र भी था। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिना किसी दुर्घटना या टक्कर के एयरबैग अचानक कैसे सक्रिय हो गया। मामले की तकनीकी जांच के लिए ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों की भी सहायता ली जा रही है।



