ऑपरेशन सिंदूर के 6 शहीद जवानों के नाम पहली बार हुए सार्वजनिक, नेशनल वॉर मेमोरियल में होगा अंकन

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले छह भारतीय जवानों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इन सभी शहीदों के नाम नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पर अंकित किए जाएंगे। नेशनल वॉर मेमोरियल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इन वीर सैनिकों की जानकारी साझा की गई है।

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इस अभियान के दौरान भारतीय सेना के पांच जवान और भारतीय वायुसेना के एक सार्जेंट ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।शहीद होने वाले जवानों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, अग्निवीर मूड मुरली नाइक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और भारतीय वायुसेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार शामिल हैं।

इनमें से राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया, जो देश का तीसरा सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार है। वहीं, भारतीय वायुसेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को मरणोपरांत वायु पदक प्रदान किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 8 जून को आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह में राइफलमैन सुनील कुमार के परिजनों को वीर चक्र प्रदान किया।सरकार की ओर से इन छह वीर जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज किए जाने के साथ उनके सर्वोच्च बलिदान को स्थायी सम्मान दिया गया है, ताकि राष्ट्र उनकी वीरता और सेवा को सदैव याद रख सके।






Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post