उत्तर प्रदेश के इटावा में एक युवक की कथित तीसरी शादी की तैयारी की खबर ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। जानकारी मिलते ही उसकी पहली और दूसरी पत्नी अपने-अपने परिजनों के साथ युवक के घर और क्लीनिक पहुंच गईं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हंगामे और तोड़फोड़ में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को अदालत से जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार, घटना नई बस्ती क्षेत्र की है। युवक के पिता फिरोज खान ने शिकायत दर्ज कराई कि गुरुवार शाम उनकी बहू रोजिश मंसूरी अपने माता-पिता के साथ क्लीनिक पहुंची। उनके साथ बेटे अरशद की दूसरी पत्नी सना उर्फ सपना और उसकी भाभी भी थीं। आरोप है कि सभी ने क्लीनिक में तोड़फोड़ की, शीशे तोड़ दिए और बाहर खड़ी बाइक को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वे घर पहुंचे, जहां सामान के साथ तोड़फोड़ की गई और आग लगाने की भी कोशिश की गई।दूसरी ओर, दोनों महिलाओं का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि अरशद तीसरी शादी करने जा रहा है। इसी वजह से वे उससे जवाब मांगने और बातचीत करने पहुंची थीं, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ गई।
मामले में दोनों पत्नियों ने अरशद पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। पहली पत्नी रोजिश का कहना है कि वर्ष 2022 में शादी के समय अरशद ने खुद को डॉक्टर का बेटा बताया था, जबकि बाद में पता चला कि उसके पिता झोलाछाप डॉक्टर हैं। उसने दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला पहले ही दर्ज करा रखा है, जिसकी सुनवाई अदालत में चल रही है।वहीं दूसरी पत्नी सना का आरोप है कि अरशद ने पहली पत्नी की मौत होने की झूठी जानकारी देकर उससे निकाह किया। शादी के बाद उसने अतिरिक्त दहेज की मांग की और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने फिरोज खान की तहरीर के आधार पर आगजनी, तोड़फोड़ और अन्य संबंधित धाराओं में दोनों पत्नियों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



